बिजनौर। एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत होने पर घरवालों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस के पहुंचने पर परिजनों हंगामा शांत किया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल अज्ञात चिकित्सकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली शहर के गांव धोकलपुर निवासी संजय (40) पथरी व पीलिया की बीमारी से ग्रस्त था। संजय के परिजनों ने उसको शुक्रवार को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां चिकित्सकों ने शनिवार को संजय का पथरी का आपरेशन किया था। आपरेशन के बाद संजय पूरी तरह सही नहीं हो पा रहा था। मंगलवार की रात करीब 11 बजे संजय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर कोतवाल प्रेमवीर सिंह राणा पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देते हुए परिजनों को शांत किया। पुलिस ने मृतक के पिता बलवीर सिंह की तहरीर अस्पताल के अज्ञात चिकित्सकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।