प्रदेश में खुलेंगे 42 योगा वेलनेस सेंटर्स
बिजनौर।
प्रदेश के 40 जिलों में योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से मरीजों को उपचार किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी की ओर से संचालित आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में योग वेलनेस सेंटर्स खोले जाएंगे।
केंद्र, प्रदेश सरकार योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति को विशेष महत्व दे रही है, क्योंकि योग और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति देश की पुरातन पद्धति है। पुराने समय से देश में दोनों पद्धतियों से मरीजों का उपचार किया जाता है। योग, प्राकृतिक पद्धति से उपचार को बढ़ावा देने के लिए शासन ने 40 जिलों में 42 योगा वेलनेस सेंटर्स खोलने निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के लोगों को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। मिशन निदेशक यतींद्र मोहन ने 40 जिलों के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक, यूनानी अधिकारी, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर सरकारी भवनों में बने अस्पताल में योगा वेलनेस सेंटर जल्द शुरू करने के निर्देश दिए है।
सेंटर पर होंगे दो योग शिक्षक
प्रत्येक योगा वेलनेस सेंटर्स पर दो-दो योग शिक्षक होंगे। एक योग शिक्षक तथा दूसरा सहायक के रूप में कार्य करेंगा। यह मरीजों का योग पद्धति से उपचार करेंगे। इसके लिए सेंटर पर स्टाफ भी रखा जाएगा। 40 जिलों में 42 सेंटर्स को स्थापित करने के लिए ढाई करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की जाएगी। प्रतिवर्ष प्रत्येक सेंटर को पांच लाख 35 हजार रुपये दिया जाएगा। इसमें शुरूआत में साज-समान, श्रम-शक्ति, रख-रखाव के लिए 60 हजार रुपये दिए जाएंगे।