बिजनौर। जिला पंचायत ने ग्रामीण इलाकों में विकास का खाका बनाना शुरू कर दिया है। गांव से गांव को पक्की सड़कों से जोड़ने के लिए 110 किमी लंबी सड़कों का निर्माण किया जाना है। करीब 75 सड़कें नए वित्तीय वर्ष मेें बनाई जानी हैं। हालांकि नालों और अन्य कामों के लिए प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं।
साल 2023-24 की योजना बनाने के लिए जिला पंचायत में कवायद होने लगी हैं। हाल ही बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों के लिए 56 करोड़ के प्रस्ताव पास हुए थे। अब एक कदम और बढ़ाते हुए जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव देने के लिए कहा गया है। तमाम सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र में सड़क या अन्य विकास कार्य के लिए प्रस्ताव भी सौंप दिए हैं। अप्रैल में योजना बनकर तैयार हो जाएगी।
उधर जिला पंचायत ने करीब 110 किमी लंबी 75 सड़कों के निर्माण का लक्ष्य रखा हैं। ये सड़क उन जगहों पर बनाई जाएगी, जिससे एक गांव को दूसरे गांव या गांव को प्रमुख सड़क से जोड़ा सकें।
जल निकासी और जल प्रबंधन पर खर्च होगा आधा बजट
अभियंता कपिल कुमार बताते हैं कि विकास कार्यों के आने वाला बजट दो मद में खर्च किया जाता है। कुल बजट का आधा जल निकासी और जल प्रबंधन पर खर्च किया जाएगा। जिसमें नाले आदि बनेंगे जबकि आधे बजट से सड़क या अन्य विकास कार्य होंगे।