भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर। भाकियू अंबावत ने गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में बताया कि किसानों को समय से गन्ना भुगतान न मिलने से परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मांगपत्र देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ज्ञापन में किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र दिलाने, घटतौली रुकवाने, बिजली आपूर्ति ठीक कराने, नहरों में 12 महीने पानी की व्यवस्था करने, नांगल से चंदक तक नहर की पटरी पक्की करने, किसानों को मिल की मैली सस्ते दामों में दिलाने की मांग की। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर 25 मार्च से आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय सिंह सहरावत, कृष्ण कुमार त्यागी, परशुराम, सूफी अल्लादिया, हरवीर प्रधान, राजपाल सिंह, जावेद अख्तर, संजीव, सतेंद्र सिंह, विपिन कुमार, धर्मपाल सिंह आदि रहे।