ब्लॉक प्रांगण में दांपत्य जीवन से बंधे 32 जोड़े
नजीबाबाद। खंड विकास कार्यालय परिसर में गायत्री मंत्रोच्चारण के बीच हिंदू रीति रिवाज से 22 कन्याओं का विवाह संस्कार और मुस्लिम रीति रिवाज से सात कन्याओं का निकाह हुआ। वहीं, तीन महिलाओं को पुनर्विवाह कराया गया। एसडीएम, बीडीओ, ब्लॉक प्रमुख और अतिथियों ने नव जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन आशीर्वाद दिया और प्रत्येक कन्या को घरेलू सामान और बीस हजार का चेक प्रदान किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत खंड विकास कार्यालय प्रांगण में विवाह संस्कार और निकाह कार्यक्रम हुआ। जिला समाज कल्याण अधिकारी मनोज कुमार, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कृष्ण मोहन कुमार, बीडीओ अशोक कुमार मौर्य, ब्लॉक प्रमुख अवधेश कुमार, हिमांशु राजपूत, एडीओ जसवंत सिंह की उपस्थिति में मुख्य अतिथि एसडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने मां गायत्री के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ. दीपक के निर्देशन में गायत्री साधकों ने गायत्री मंत्रोच्चारण के बीच गौरी, गणेश, कलश पूजन, देव आह्वान के साथ हिंदू रीति रिवाज से 21 वर वधू का विवाह संस्कार कराया। उधर, कारी कमरुद्दीन ने मुस्लिम रीति रिवाज से चार नव जोड़ों का निकाह पढ़ा। इस अवसर मुख्य अतिथि के साथ अतिथियों एनआरएलएम के ज्ञान सिंह, ग्राम प्रधान सुशील चौहान, राम सिंह, साजिद, कासिम ने नव जोड़ों को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया और सभी नव विवाहित कन्याओं का प्रमाण पत्र, घरेलू सामान और बीस हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बैंड बाजे की धुन पर बारातियों ने जमकर डांस किया।