अमरोहा। ईद-उल-अजहा के बाद से लगातार शहर के एटीएम पर कैशलैस बने हुए हैं। शुक्रवार और शनिवार के बाद रविवार को रक्षाबंधन पर शहर के सभी एटीएम दगा दे गए। एटीएम पर कैश की निकासी न होने से लोग खरीदारी न कर पाने के कारण मायूस होकर घरों को लौट गए। हालांकि शनिवार को दोपहर तक कुछ एटीएम पर निकासी की गई थी लेकिन रविवार को एटीएम पर निकासी नहीं की जा सकी। आजाद रोड समेत जोया रोड, बिजनौर रोड, कोतवाली रोड पर सभी बैंकों के एटीएम कई दिन पहले ही खाली हो चुके हैं। कैश न होने की वजह से ज्यादातर एटीएम पर ताले लटके रहे। इस दौरान जरूरी कामों से कैश की उम्मीद लेकर एटीएम पहुंचे लोगों को निराशा हाथ लगी।