डीसीएम पलटी, पांच कांवडिये घायल
नगीना। देव भूमि हरिद्वार से गंगाजल लेकर जत्थे के साथ घर लौट रहे कांवड़ियों का डीसीएम पलटने से उसमें सवार पांच कांवड़िये घायल हो गए। घायलों का उपचार नगीना सीएचसी पर कराने के उपरांत उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जनपद बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव प्रेमपुरा निवासी दो दर्जन से अधिक कांवड़ियों का जत्था हरिद्वार से गंगाजल लेकर वापस घर लौट रहा था, जब कांवड़ियों का जत्था नगीना-नजीबाबाद मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग गांव रावलहेड़ी के पास पहुंचा तो उनके साथ चल रही डीसीएम अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। इसमें सवार पांच कांवड़िये करण पुत्र चेतराम, हरिश पुत्र ओमकार, ओमकार पुत्र बेगराज, प्रवीण पुत्र मोहन लाल, चेतराम पुत्र रामप्रसाद घायल हो गए। डीसीएम पलटने से अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 100 सेवा व नगीना पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम में फंसे कांवड़ियों को निकाल कर नगीना सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां पांचों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में डीसीएम को निकलवाकर सभी कांवड़ियों को उनके मार्ग की ओर रवाना कर दिया।