बिजनौर। डीएम अटल कुमार रॉय ने विकास खंड हल्दौर के गांव चौकपुरी और धर्मपुरा के आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से जांच कराने के साथ साथ आयरन की गोली लेने की भी सलाह दी।
डीएम को निरीक्षण में ग्राम चौकपुरी में एक बच्चा अतिकुपोषित मिला। उन्होंने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिये कि अतिकुपोषित बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी अच्छे से देखभाल कराएं। डीएम ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई करते हुए कहा कि वह अपने स्वास्थ्य कि देखभाल सही तरीके से करें तथा खान पान में पौष्टिक आहार ले। जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय धर्मपुरा तथा चौकपुरी में अध्ययनरत छात्र एवं छात्राओं को यूनिफार्म एवं स्कूली बैग वितरित किए। चॉकलेट भी दी। बच्चों से पढ़ाए जा रहे विषयों से प्रश्न किए। बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिया। डीएम ने कहा कि बच्चों कि शिक्षा में गुणवत्ता में सुधार करने कि आवश्यकता है। गांवों के अंदर साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाएं। गांवों का स्वच्छ सर्वेक्षण कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की कोई भी लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का समूह गठित कर ग्रामों में साफ-सफाई का अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों पर जल भराव तथा कूड़ा-करकट आदि का निस्तारण 31 जुलाई तक करा लिया जाए। जन सामान्य को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत किए जा रहे शौचालय निर्माण एवं अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाए। उन्होंने एक अगस्त से 31 अगस्त तक समस्त ग्रामों के अंदर संपूर्ण तरीके से साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। कहा कि साफ सफाई में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गांव के प्रधान को गांधी जयंती पर प्रधानमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ, तहसीलदार, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी, स्कूल के शिक्षक और कई ग्रामीण मौजूद रहे।