रालोद ने नूरपुर से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू की
रालोद के कई नेताओं ने मंगलवार को इलाके के लोगों की नब्ज टटोली
फोटो-38
बिजनौर। सपा व अन्य किसी दल के साथ गठबंधन की तस्वीर साफ न होने पर रालोद ने भी नूरपुर विधानसभा उप चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। रालोद के तमाम नेताओं ने मंगलवार को नूरपुर क्षेत्र का दौरा करके इलाके के लोगों की नब्ज टटोली। लोगों से मिलने के बाद रालोद नेता गद्गद हैं।
नूरपुर विधान सभा में 28 मई को उपचुनाव होना है। किसी भी दल ने अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। सपा में टिकट को लेकर मारामारी मची है। कई नेता टिकट लेने को लखनऊ में डेरा डाले हैं। सपा, बसपा, रालोद व कांग्रेस के बीच उप चुनाव में गठबंधन होने की बात कही जा रही थी। पर अभी तक गठबंधन की तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। बसपा को छोड़ सपा, कांग्रेस व रालोद चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने को आतुर हैं। रालोद ने मंगलवार को चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। रालोद के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, जिला प्रभारी राजेंद्र सिंह चिकारा, पूर्व विधायक अशफाक अली, मनवीर सिंह चिकारा, अजयवीर सिंह व गजेंद्र सिंह समेत कई नेताओं ने नूरपुर क्षेत्र के गांव पुरैना, नाहर सिंह, झीरन, नूरपुर समेत कई जगह का दौरा किया व लोगों की नब्ज टटोली। इलाके के लोगों ने रालोद नेताओं से चुनाव लड़ने को कहा। रालोद जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी के मुताबिक इलाके में लोगों का अपार समर्थन रालोद को मिल रहा है। अपनी रिपोर्ट वह रालोद हाईकमान को भेज देंगे। फिलहाल रालोद ने नूरपुर विधान सभा से चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।