फव्वारे भी नहीं चलने पर मांगी रिपोर्ट
नजीबाबाद(बिजनौर)। नगरपालिका परिषद द्वारा लगाए गए यूनिपोल अतिक्रमण के दायरे में आने के बावजूद न हटाए जाने को डीएम ने गंभीरता से लिया। उन्होंने एसडीएम को इस पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने सुंदरीकरण के लिए नगर में स्थापित किए गए फव्वारे भी संचालित न होने के संबंध में रिपोर्ट मांगी।
नगर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य मार्गों की साइडों में फुटपाथ पर नगरपालिका परिषद की ओर से यूनिपोल लगाए गए हैं। प्रशासन द्वारा गत सप्ताह चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में यूनिपोल अतिक्रमण के दायरे में चिह्नित किए गए थे। नायब तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी ने नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार को यूनिपोल हटवाने के निर्देश दिए थे। नायब तहसीलदार ने माना था कि फुटपाथ पर यूनिपोल लगे होने से जहां राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं यूनिपोल की आड़ में आसपास अतिक्रमण पनप रहा है। मंगलवार को नजीबाबाद पहुंचे डीएम जगतराज ने खुद नगरपालिका परिषद द्वारा ही अतिक्रमण को बढ़ावा देने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने यूनिपोल अतिक्रमण के दायरे में चिंहित करने के बावजूद न हटाने के संबंध में अधिशासी अधिकारी से जवाब तलब करने और तुरंत कार्रवाई करने के एसडीएम को निर्देश दिए। डीएम ने सुंदरीकरण के लिए नगर में स्थापित किए गए फव्वारे भी संचालित नहीं होने के संबंध में रिपोर्ट मांगी।