बिजनौर। जिले की ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने के लिए तेजी से काम चल रहा है। ग्राम पंचायतों में इंटरनेट के लिए लाइन बिछा दी गई है। मशीनें भी लगनी शुरू हो गई है। पंचायतों में वाईफाई भी चलेगा। इसके इंतजाम किए जा रहे हैं।
शासन के निर्देश पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने के आदेश दिए गए थे। छह महीने से इसके लिए काम चल रहा था। पर एक महीने से पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने के काम में तेजी आई है। अधिकांश ग्राम पंचायतों में इसके लिए केबिल बिछा दिए गए हैं। जिन गांवों में ग्राम पंचायत भवन बने हुए हैं, उनमें पंचायत भवनों पर इंटरनेट के लिए केबिल बिछाए गए हैं। पर जिन गांवों में पंचायत भवन नहीं है उनमें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में इंटरनेट के लिए केबिल बिछाए गए हैं। एक सप्ताह से इंटरनेट से जोड़ने के लिए कंप्यूटर और अन्य यंत्र भी लगने शुरू हो गए हैं। अब ग्राम पंचायतों का सारा काम कंप्यूटर के माध्यम से किया जाएगा। पंचायतों में वाईफाई की सुविधा भी मुहैया कराई जाएगी। इसके पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। काम की गति को देखते हुए 10 से 15 दिन के भीतर पंचायतों में कंप्यूटर, इंटरनेट और वाईफाई की सेवा प्रारंभ हो जाएगी। काम में आई गति से ग्राम प्रधान खुश हैं।
शिक्षकों का न हो उत्पीड़न
बिजनौर। उप्र उर्दू टीचर्स एसोसिएशन की बैठक टाउन हाल पार्क में सआदत हुसैन की अध्यक्षता और अरशद तुर्क के संचालन में आयोजित की गई। वक्ताओं ने स्कूलों में उर्दू विषय की पुस्तकें उपलब्ध कराने, उर्दू शिक्षकों का उत्पीड़न बंद कराने, रिक्त पडे़ पदों पर शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ देने की मांग की। बैठक में फहीम अहमद, भूपेश त्यागी, बिजेंद्र कुमार, इदरीश, कामिल, अरशद जमाली आदि ने विचार रखे।