नजीबाबाद/मंडावली। कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में गिरने के बाद से लापता बरेली जनपद के कांवड़िए का शव नहर से बरामद हुआ है। तीन दिन पूर्व हुए हादसे में एक वृद्ध कांवड़िए की घटना के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि दो कांवड़ियों के शव गोताखोरों की मदद से बरामद किए गए थे।
नजीबाबाद के गुलालवाली क्षेत्र में 18 जुलाई को प्रात: 8 बजे एक वाहन से टकराकर कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली नहर में गिर गई थी। बरेली के थाना भोजीपुरा के गांव कलारा के 38 शिवभक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार थे। हादसे में 3 कांवड़ियों की मृत्यु हुई थी जबकि एक कांवड़िया महेंद्र पाल सिंह घटना के बाद से लापता था। घटना के बाद से ही सीओ महेश के नेतृत्व में पुलिसबल और करीब 80 गोताखोर महेंद्र पाल को तलाशने में जुटे थे। गोताखोरों ने दो अन्य कांवड़ियों को उफान पर चल रही नहर से तलाशा था। तीन दिन से लापता कांवड़िये महेंद्र पाल का पता न चलने से पुलिस प्रशासन और कांवड़िए के परिजन परेशान थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों ने एक कांवड़िए का शव गंग नहर में देखा। तत्काल पुलिस को सूचना दी। लापता कांवड़िए का शव मिलने की सूचना पर सीओ महेश कुमार, थाना प्रभारी सतीश कुुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।