मुल्क व दुनिया में अमन-ओ-अमान व कौम की तरक्की को मांगी दुआ
जिले भर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई ईदुल फितर की नमाज
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
जिले भर में ईदुल फितर की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। अल्लाह की बारगाह में लाखों लोगों ने सजदा किया। मुल्क में अमन-ओ-अमान व कौम की तरक्की को दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर के ईदगाह मैदान पर नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क रहा। डीएम व एसपी दलबल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
सोमवार की सुबह छह बजे से ही लोग ईद की नमाज के लिए ईदगाह मैदान पर जुटने शुरू हो गए। थोड़ी देर में ही हजारों की भीड़ जमा हो गई। साढ़े सात बजे शहर इमाम डा. मो. तारिक हसन ने नमाज अदा कराई। इसके बाद उन्होंने मुल्क व दुनिया में अमन चैन को दुआ कराई। नमाज खत्म होते ही लोगों ने एक दूसरे को गले से लगाया और ईद मुबारक कहा। छोटा हो या फिर बड़ा, सब गले मिलते नजर आए।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के कैंप में विधायक महबूब अली, एमएलसी परवेज अली, पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रपाल व नगर पालिका परिषद चेयरमैन अफसर परवेज मौजूद रहे, जिन्हें लोगों ने गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके अतिरिक्त भारतीय जनता पार्टी के शिविर में नगर अध्यक्ष राकेश वर्मा व वरिष्ठ नेता राम सिंह सैनी ने लोगों से गले मिलकर ईद की बधाई दी। जिला कांग्रेस कमेटी के कैंप में जिलाध्यक्ष चौधरी सुखराज सिंह व अन्य नेताओं ने गले मिलते हुए ईद की मुबारकबाद दी। बसपा नेता इंजीनियर नौशाद अली, मुस्लिम कमेटी के सदर हाजी खुर्शीद अनवर व समाजसेवी डा. अमीनउल हक, हाशमी गर्ल्स पीजी कालेज के प्रबंधक डा. सिराजुद्दीन हाशमी व ताजुद्दीन हाशमी ने भी गले मिलकर लोगों को ईद मुबारक कहा। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, एडीएम महमूद आलम अंसारी, एसडीएम यशवर्धन श्रीवास्तव से लोग गले मिले, जिस पर अफसरों ने उनको ईद की बधाई दी। तत्पश्चात लोगों ने घरों का रुख किया। परिचितों, रिश्तेदारों व परिजनों को ईद की बधाई दी।
उधर शहर की शिया जामा मस्जिद में सुबह आठ बजे ही लोग पहुंचने लगे। देखते ही देखते भारी भीड़ हो गई। साढ़े आठ बजे मौलाना अहसन अख्तर ने नमाज पढ़ाई। इसके बाद मुल्क में अमन चैन व कौम की तरक्की को दुआ कराई गई। बाद में सभी लोगों ने एक दूसरे के गले मिल ईद की मुबारकबाद दी। उधर ईद को लेकर महिलाएं भी उत्साहित दिखीं। वह भी अपने रिश्तेदारों, सहेलियों व परिजनों को ईद मुबारक कहती नजर आईं। इनके अलावा शहर की कई अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई।
देहात क्षेत्र में भी शांतिपूर्ण निपटी ईद की नमाज
नौगावां सादात/कैलसा/जोया। देहात क्षेत्र में भी ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। कैलसा क्षेत्र के गांव हसनपुर कचिया, निजामपुर सैंदरी, नौराहन, अदलपुर ताज, लालू नंगला, कैलसा, तेलीपुरा माफी, नौराहन, कांकर सराय, चकघी का नंगला, चकिया गांवों में भी ईदुल फितर की नमाज पढ़ाई गई। नौगावां कस्बे के ईदगाह मैदान, बीलनी व मोहल्ला इस्लामनगर में भी ईद की नमाज पढ़ाई गई। कस्बा जोया क्षेत्र में रजा ईदगाह, सोनाली की दरगाह, डिडौली, पतेई खालसा, ढकिया चमन, नीलीखेड़ी, जिवाई, असगरीपुर, सहसपुर अलीनगर, चौधड़पुर, पार्टी कलां, ब्राह्मण वाली मढैय्या में भी ईद की नमाज हुई। कस्बा जोया के बड़ी ईदगाह मैदान पर भी शांतिपूर्ण ढंग से नमाज हुई।