नजीबाबाद के राजारामपुर प्रताप में गन्ने की अवैध फसल गिराकर ग्राम पंचायत की भूमि को कब्जा मुक्त क?
- फोटो : NAZIBABAD
100 बीघा भूमि को प्रशासन कराएगा कब्जामुक्त
नजीबाबाद। राजस्व विभाग श्रेणी तीन के निरस्त हो चुके पट्टों से अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान चला रहा है। ग्राम समाज ने करीब 100 बीघा जमीन को पौधरोपण के लिए कब्जा मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अवैध कब्जे के नाम पर राजस्व कर्मियों पर भेदभाव का आरोप लगाया है।
एसडीएम संगीता के निर्देश पर ग्राम पंचायत राजारामपुर प्रताप में श्रेणी तीन के निरस्त किए गए आसामी पट्टों पर अवैध कब्जे और गन्ने की फसल बोने वालों के खिलाफ राजस्व विभाग अभियान चला रहा है। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने बताया कि काफी समय पूर्व पट्टे निरस्त हो चुके हैं। ग्राम पंचायत की मालन नदी क्षेत्र में आने वाली भूमि पर बड़ी संख्या में लोगों ने अवैध कब्जा कर गन्ने की फसल बो ली थी। राजस्व विभाग ने ग्राम पंचायत की भूमि को चिह्नित कर कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू की है। बताया कि करीब 100 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाना है। क्षेत्रीय लेखपाल गौरव के नेतृत्व में राजस्वकर्मी गन्ने की फसल की ट्रैक्टर आदि से जुताई कर भूमि को कब्जा मुक्त करा रहे हैं।
उधर, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन पर कब्जामुक्त कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। तहसीलदार राधेश्याम शर्मा ने बताया कि श्रेणी तीन के पट्टों के खारिज होने के बाद राजस्व रिकार्ड में दर्ज कुछ लोगों के नाम खारिज करने की कार्रवाई जारी है। ग्राम समाज की पूरी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाएगा।