नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटा सेना का वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के नजीबाबाद में सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से करीब 10 जवान घायल हो गए। इनमें से तीन जवानों के गंभीर चोटें आईं। सैनिकों के घायल होने की खबर से हड़कंप मच गया।
देहरादून से धारचूला (पौड़ी गढ़वाल) जा रहा सेना का वाहन रविवार सुबह हरिद्वार-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर नजीबाबाद में साहनपुर के निकट पलट गया। तेज रफ्तार सेना का वाहन पलटने से स्पेशल फ्रंटियर फोर्स वन आर्चर के करीब 10 जवान घायल हो गए। सेना का वाहन पलटने की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव, एसआई ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घायलों सैनिकों को उपचार के लिए पूजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मेजर एनएस बाठ के नेतृत्व में धारचूला जा रहे घायल सैनिकों में महेंद्र अधिकारी, विजय कोइराला, तरायण पंथी, संत बहादुर खंडूरी, वीरेंद्र टंडन, सरोज सृष्ट, जंगबहादुर, प्रेम शर्मा शामिल हैं। इनमें महेंद्र अधिकारी, तरायण पंथी और विजय कोइराला को गंभीर चोटें आईं हैं। सभी घायलों को नजीबाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून सैनिक अस्पताल ले जाया गया।
मेजर एनएस बाठ ने पुलिस को बताया कि अचानक एक वाहन सामने आने के कारण सैनिकों को ले जा रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रामानंद कुशवाहा पूजा हॉस्पिटल पहुंचे। स्पेशल फ्रंटियर फोर्स की ओर से घटना की तहरीर नजीबाबाद थाने को सौंपी गई है।