जिला पंचायत अध्यक्ष सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर रविवार को विराम लग गया। भाजपा ने युवा चेहरे पर दांव खेला है। प्रदेश नेतृत्व ने औराई के संवरा निवासी अमित सिंह प्रिंस को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। घोषणा के साथ ही जिले की सियासी सरगर्मी बढ़ गई। रविवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव और जिला प्रभारी रमेश मिश्र ने घोषणा की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी साफ-सुथरी छवि और युवाओं पर फोकस कर रही है। अमित सिंह को प्रत्याशी बनाने से पार्टी अध्यक्षी का चुनाव में जीत दर्ज करेगी। अब जिले की राजनीति की दिशा और दशा दोनों बदलेगी। मूल रूप से संवरा निवासी अमित सिंह को पहली बार किसी बड़े पद का प्रत्याशी बनाया गया। इसके पूर्व वह आरएसएस से जुड़े रहे। इंटर तक की पढ़ाई शहीद नरेश इंटर कॉलेज खमरिया से की जबकि प्रयागराज यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री ली। भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर सांसद रमेश चंद्र बिंद, मनोज कुमार मिश्रा, रमेश पांडेय, संतोष तिवारी, अनिल सिंह, सुनील मिश्रा, गोवर्धन राय आदि रहे। भाजपा की टिकट को लेकर काफी दिनों से रस्साकसी चल रही थी। दो चेहरों की सूची जिला नेतृत्व की ओर से भेजा गया था, जिसमें अमित का नाम तय हुआ। पिछले दिनों जिले के एक पूर्व सांसद के आगमन से ही अमित को टिकट मिलने की अटकलें तेज हो गई थी। प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व में अच्छी खासी पैठ रखने वाले पूर्व सांसद ने कई दिनों तक जिले में डेरा डाल दिया था।