जिल पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन होगा। शांतिपूर्वक नामांक्रन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। डीएम कार्यालय गेट पर बैरिकेडिंग कराने से लेकर सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। तीन जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान होगा। मतदान के समय भारी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे। 26 सीटों वाली जिला पंचायत अध्यक्षी के लिए रस्साकशी का दौर जारी है। भाजपा, सपा और निर्दल प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। सत्तापक्ष और विपक्ष जहां सीट पर काबिज होने के लिए पूरी ताकत लगा दी हैं। जबकि प्रशासन नामांकन और मतदान की तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटा है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी दी गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव प्रेक्षक आ जाएंगे। डीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग की जाएगी। नामांकन करने के लिए प्रत्याशी के अलावा दो प्रस्तावक ही अंदर जा सकेंगे। इसके लिए दर्जन भर से अधिक जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान के लिए हर स्तर पर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है।