जिले की तीनों तहसीलों में मुसहर जाति को मिले पट्टा आवंटन का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। राजस्व विभाग की लापरवाही से उन्हें कब्जा मिला की नहीं इसके लिए डीएम आर्यका अखौरी ने जिला स्तरीय 15 अधिकारियों की टीम गठित की है। यह टीम भौतिक सत्यापन कर डीएम को रिपोर्ट करेगी। जिन क्षेत्रों में कब्जा नहीं मिला होगा वहां के लेखपाल और कानूनगो पर कार्रवाई तय होगी। मुसहर समाज के लिए सरकार ने वर्ष 2016 से आवासीय और कृषि पट्टा देने का निर्णय लिया है। जिले की तीनों तहसीलों में करीब 900 मुसहरों को पट्टा आवंटित किया गया। इसमें ज्ञानपुर में 487, औराई में 137 और भदोही में 337 शामिल रहे। प्रशासन की ओर से कागजों पर पट्टा आवंटन हो गया, लेकिन अब तक बड़ी संख्या में लोगों को कब्जा नहीं मिल सका। भूमाफिया पुलिस और राजस्व विभाग से मिलीभगत कर कब्जा नहीं हटा रहे। इसकी शिकायत मिलने पर डीएम आर्यका अखौरी ने एडीएम शैलेंद्र मिश्र, सीडीओ भानु प्रताप सिंह, अपर एसडीएम, समाज कल्याण अधिकारी, पीडी, डीडीओ, डीपीओ, जिला अर्थसंख्या अधिकारी समेत 15 जिला स्तरीय अधिकारियों को नामित किया है। इसमें तहसीलों के अधिकारी शामिल नहीं है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह में तीनों तहसीलों में पट्टा आवंटन एवं कब्जे का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट दें।