कौलापुर। दुर्गा पूजा पंडाल परिसर में रविवार को युवक मंगल दल इब्राहिमपुर की बैठक अध्यक्ष शिवम कुमार बिंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें गांव के विकास, युवाओं के भविष्य और बुनियादी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। युवाओं ने गांव में खेल मैदान के लिए जगह चिह्नित करने की मांग उठाई। स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए प्रमुख स्थलों की नियमित सफाई कराने और अधिक कचरा जमा होने वाले स्थानों पर बड़े डस्टबिन रखवाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा बच्चों के लिए निःशुल्क लाइब्रेरी में पुस्तकें उपलब्ध कराने, युवाओं के लिए लेदर क्रिकेट किट की व्यवस्था करने और मताधिकार के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर सहमति बनी। इन मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और ग्राम प्रधान को पत्रक सौंपा जाएगा।
बैठक में उपाध्यक्ष आशीष मिश्रा, सचिव विनय कुमार, कोषाध्यक्ष पंकज विश्वकर्मा, मंत्री जयशंकर, सुनील बिंद, श्रवण कुमार बिंद, श्रीराम बिंद, सुनील पाल, दीपचंद, निहाल बिंद, आदर्श कुमार, आफताब आलम आदि मौजूद रहे।