सुरियावां । कोतवाली क्षेत्र के पूरे तुलापुर बहादुरान गांव निवासी युवक की ओडिशा के सुदरगढ़ में हत्या कर दी गई। युवक का शव जंगल में जला दिया गया था। शव के अवशेष के पास युवक की गाड़ी मिलने से शिनाख्त हुई।
हैदर अली का पुत्र नवाब अली (18) एक साल से ओडिशा के सुंदरगढ़ बाजार में मुन्ना और बेलाल के साथ रहता था। वह वहां कबाड़ खरीदता था। इसके लिए उसे मुन्ना ने दो पहिया गाड़ी दी थी। दो जून को वह गायब हो गया। इससे परेशान मुन्ना ने सुंदरगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और एक युवक को उठाया। पूछताछ में युवक ने बताया कि नवाब अली की हत्या कर जंगल में शव जला दिया गया है। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से युवक की जली गाड़ी और अधजला शव बरामद किया। युवक के साथियों ने परिजनों को जानकारी दी। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही पिता ओडिशा के लिए रवाना हो गए। घर में उसकी मां नगीना और छोटे भाई सवाब अली सहित परिवार के अन्य सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं। युवक की हत्या किन परिस्थितियों में की गई, इसकी जानकारी अब तक नहीं हो सकी है।