ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के भिदिउरा गांव में युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के बाद बिखलते परिवारीजन।
कोतवाली क्षेत्र के भिदिउरा गांव में मंगलवार की देर रात करीब तीन बजे अबूझ हाल में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पत्नी के साथ देर रात रिश्तेदारी से घर लौटा था। भोर में पत्नी की नींद खुली तो पति को फांसी के फंदे पर लटकता देख वह सन्न रह गई। शोर मचने पर परिवार और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ज्ञानपुर नगर से सटे भिदिउरा गांव निवासी सुजीत सरोज (25) मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे पत्नी बबिता देवी और तीन वर्षीय पुत्री के साथ एक रिश्तेदारी से लौटा था। बताते हैं कि रात में भोजन करने के बाद पति-पत्नी सो गए। रात में दंपती के बीच क्या हुआ, यह कोई नहीं बता पा रहा। इसी बीच तीन बजे के आसपास युवक पंखे में नॉयलान की रस्सी का फंदा लगाकर फांसी पर झूल गया। चार बजे के आसपास पत्नी की नींद खुली तो पति को फंदे से लटकता देख वह चीख पड़ी।
शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिवार वालों ने शव को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक गांव के कोटेदार राधेश्याम का पुत्र था। सात भाइयों में सबसे छोटा था, दो भाइयों की पूर्व में हादसे में मौत हो चुकी है। चर्चाओं पर विश्वास करें तो बताया जा रहा है कि पत्नी बबिता किसी बात को लेकर नाराज थी और वह रिश्तेदारी से उसके साथ आना नहीं चाहती थी।