सीतामढ़ी। ऊंज थानाक्षेत्र के वहिदानगर के समीप गत दिनों सड़क हादसे में घायल नारेपार निवासी पंकज शर्मा (24) की शुक्रवार की रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को उसका अंतिम संस्कार सीतामढ़ी घाट पर किया गया। हादसे में घायल दूसरे युवक मंगल सिंह का एक पैर काटना पड़ा है। उसका चंदौली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोइरौना के नारेपार निवासी पंकज शर्मा और मंगल सिंह गत मंगलवार को बाइक से गोपीगंज किसी के यहां होली मिलने के लिए जा रहे थे। वहिदानगर पावर हाउस के पास नेशनल हाईवे पर बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर में टकरा गई थी। इससे दोनों को गंभीर चोटें आई। पंकज शर्मा के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार रात को उसकी मौत हो गई। पंकज के पिता का निधन हो चुका है। वह पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। बंगलुरू में पान की दुकान चलाता था। होली पर घर आया था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी सोनी से यह कह कर घर से निकला था कि दोस्त मंगल सिंह के साथ उनके रिश्तेदार के यहां जा रहा है।