ज्ञानपुर। भदोही ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मर्चवार में दो दिन पूर्व छात्रा की पिटाई का मामला तूल पकड़ लिया। शनिवार को नाराज अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में आकर हंगामा करने लगे। इससे वहां पढ़ने आए अन्य बच्चे सहम गए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। अभिभावक ने आरोप लगाया कि एक महिला शिक्षिका ने बृहस्पतिवार को उनकी बेटी को बेवजह पिटाई की। जिससे उसके हाथ और पीठ पर चोट लग गई। यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी उक्त शिक्षिका ने कुछ बच्चों को मारा पीटा है। खबर मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अभिभावकों को समझा बुझाकर घर भेजा। बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि मामले की जांच बीईओ भदोही को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।