भदोही। कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर में रेलवे ट्रैक पर बीती रात 9 बजे ट्रेन से धक्का लग जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ट्रैक के नजदीक से इंदिरा मिल चौराहे की ओर जा रहा था। पीछे से आई ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक वहीं पर लहुलुहान होकर गिर पड़ा। घायल की पहचान कोतवाली क्षेत्र के रैमलपुर निवासी रौशन कुमार दुबे (25) पुत्र सभाशंकर दुबे के रूप में हुई है। नगर के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार रात में युवक ट्रैक के पास से जा रहा था। पीछे से आ रही ट्रेन देख कर कई लोगों ने आवाज देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस की सहायता से उसे राजकीय अस्पताल पहुंचाने वाले पूर्व सभासद दानिश सिद्दीकी ने बताया कि वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि घायल युवक की जेब में मिले आधार की मदद से उसकी शिनाख्त कर उसके घरवालों को सूचना दी गई जो रात ही अस्पताल पहुंचे।