ज्ञानपुर। जिले के 50 और स्कूलों में किचन गार्डेन विकसित होंगे। इसके लिए पांच-पांच हजार की दर से ढाई लाख रुपये भेजे गए हैं। इससे विद्यार्थी शुद्ध सब्जी खाएंगे। इसके साथ कुल किचन गार्डेन की संख्या 260 हो जाएगी। जिले में 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। बच्चों को हर रोज मध्याह्न भोजन दिया जाता है। सब्जी, तहरी आदि बनाने के लिए बाजार से खरीदारी करनी पड़ती है। बाजार में सब्जियां कई दिनों पुरानी मिलती है। तीन साल पूर्व स्कूलों में किचन गार्डेन विकसित करने की पहल की गई थी। 2020 में 10 स्कूल, 2021 में 200 और 2022 में 50 स्कूलों का चयन किया गया था। एमडीएम के जिला समन्वयक सौरभ सिंह ने बताया कि 50 किचन गार्डेन के लिए पांच-पांच हजार रुपये हेडमास्टर के खाते में भेजे गए हैं। दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर में किचन गार्डेन विकसित हो चुका है। हेडमास्टर अरुणेश त्रिपाठी, रसोइया, बच्चे इसके लिए मेहनत करते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने इस विद्यालय को गोद लिया है। हेडमास्टर ने बताया कि गार्डेन में मेथी, पालक, धनिया, सौफ, बैगन, लहसुन, टमाटर , आलू, भिंडी, करेला, कद्दू, लौकी, गाजर, फूल गोभी, पत्ता गोभी, चुकंदर, शलजम ,प्याज आदि के अलावा सहजन, बेल, नीबू, आम, अमरूद, शरीफा आदि के पौधे लगे हैं। कहा कि इससे बच्चों में सब्जियों का ज्ञान बढ़ता है।