कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के सराय जगदीश रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वहीं दो भैंस की भी मौत हो गई है।
किशुनदेवपुर, सराय जगदीश निवासी कैलाश यादव (40) पुत्र स्वर्गीय रामजगी यादव बुधवार को सुबह भैंस चराने के लिए निकला था। इसी बीच एक तरफ से ट्रेन आती देख उसने भैंसों को रेलवे ट्रैक से हांक कर हटाना चाहा। तभी दूसरी तरफ से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस आ गई। धुंध होने के कारण उसे दूसरी ओर से आती हुई ट्रेन दिखाई नहीं दी और दोनों ट्रेनों के बीच उसकी और भैंसों की टक्कर हो गई।
इसमें कैलाश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। दो भैंस ने भी दम तोड़ दिया। एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची आरपीएफ की टीम ने शव को कब्जे में लेकर स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई में सबसे छोटा था और खेतीबारी करके परिवार का जीविकोपार्जन करता था। मृतक को दो पुत्र व दो पुत्री है।