थाना क्षेत्र के चकभुईधर गांव में राजेश धीवर (37) की सोमवार की सुबह संदिग्ध हाल में मौत हो गई। युवक की मौत पर परिजनों ने गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरु कर दिया। जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहुंच कर किसी तरह समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन देकर जांच शुरु की। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि राजेश रविवार को सुबह परिवारिक विवाद के कारण जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन ने उसे एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज होने पर हालत में सुधार आया और चिकित्सकों ने देर शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी। परिवार के साथ खाना खाकर युवक अपने कमरे में सोने चला गया और सोमवार की सुबह नहीं उठ सका। काफी देर बीतने पर जब परिजन उसे जगाने गए तो कोई आहट नहीं हुई। शोरगुल जुटी भीड़ ने परिजनों के साथ दरवाजा खोला गया तो वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक के भाई सुरेश धीवर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक का घर में बराबर आना-जाना लगा रहता है और मृतक अपनी पत्नी को लेकर चिंतित रहता था। आरोप लगाया कि रात में दोनों ने मिल कर उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। सीओ औराई अजय कुमार ने कहा कि लिखापढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी। तहरीर में लगे आरोप पर पुलिस सक्रिय है। मृतक तीन पुत्रों का पिता है।