दुर्गागंज (भदोही)। क्षेत्र के ग्रामसभा हरदुआ निवासी एक युवक की शुक्रवार को कुएं में गिर जाने से मौत हो गई । घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के मदद से कुए से बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मृत युवक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दरअसल हरदुआ गांव निवासी राजेश कुमार सरोज पुत्र अवधेश कुमार सरोज ( 35) नहाने के लिए गांव के ही शिव प्रताप सिंह के पंपिंग सेट पर गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से राजेश पास में स्थित कुएं में गिर गया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव गांव वालों की मदद से युवक को बाहर निकाला तब तक चोट लगने और दम घुटने से उसकी मौत हो चुकी थी। एक लड़का और दो लड़की के पिता राजेश कुमार सरोज चार भाइयों में सबसे बड़े थे।