भदोही। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा बृहस्पतिवार को नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) के बारे में जागरूक करने के लिए मानव श्रृंखला बनाई गई। श्रृंखला बनाने में नेशनल इंटर कालेज के छात्रों और शिक्षक शामिल हुए। कुशियरां से हरियावं तक मानव श्रृंखला बनाकर लोगों का ध्यानाकृष्ट किया और उन्हें सीएए के बारे में फैलाई जा रही भ्रांतियों से अवगत कराया। श्रृंखला में सैकड़ो छात्र और युवक शामिल रहे।
सुबह 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता कालेज पहुंचे। वहां उपस्थित छात्राओं को भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने संबोधित किया साथ ही लोगों को जागरुक करने में सहयोग मांगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी देश में सबका साथ सबका विकास के नारे को अमल में ला रहे हैं। कुछ लोग हैं जिन्हें राष्ट्र हित रास नहीं आ रहा है। सीएए अधिनियम भाजपा के चुनाव एजेंडे में शामिल था। भाजपा सरकार धीरे धीरे सभी वादों को पूरा कर रही है।
लोगों को बताया कि सीएए पर विपक्ष भ्रम फैला रहा है कि इस बिल से देश के मुसलमानों का अहित है। ये बात निराधार है। मानव श्रृंखला का नेतृत्व एबीवीपी के जिलाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने किया। छात्रों को कालेज के प्रधानाचार्य डा.अनुराग मिश्र ने भी संबोधित किया। श्रृंखला में प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा के नागेंद्र सिंह, गोरेलाल पांडेय, पंकज कुमार, प्रिंस गुप्ता, विनय उमर, कपिल, अजय दूबे, रामराज, आशुतोष, मनीष, नवनीत, संदीप आदि शामिल रहे।