गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के गुलौरी गांव में शुक्रवार की सुबह गांव निवासी 20 वर्षीय युवक रमाशंकर यादव उर्फ रामू का शव नीम के पेड़ की डाल पर लगे फंदे से लटकता मिला। मृतक दो बहनों में इकलौता था। मृतक के पिता ने तहरीर में बेटे की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी विजय शंकर यादव के बेटे रमाशंकर मुंबई में नौकरी करते थे। परिवार के लोगों के अनुसार वे सप्ताह भर पहले अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए आए थे, लेकिन घर नही आए थे। चर्चा है कि बरात में किसी से उनका विवाद हो गया था। सुबह टहलने निकले ग्रामीण घर से कुछ दूर नीम के पेड़ से उनका शव लटकता देख सन्न रह गए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव की पहचान रमाशंकर के रूप में की गई। वे दो बहनों में इकलौते भाई थे। घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी प्रमोद यादव मौके पर पहुंचे। शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि युवक की मौत कैसे हुई।