खमरिया/औराई। पूर्वोत्तर रेलवे के अहिमनपुर स्टेशन पर बुधवार की सुबह ट्रेन पर चढ़ते समय पैर फिसलने से कैलाश प्रजापति (32) निवासी दलपतपुर का दाहिना पैर कट गया। इससे स्टेशन परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी औराई ले गए, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
दलपतपुर गांव निवासी बुधिराम प्रजापति का बेटा कैलाश अहिमनपुर स्टेशन पर सुबह पहुंचा। वह डीएमयू ट्रेन पर चढ़ने लगा उसी दौरान जल्दबाजी में वह फिसल गया और ट्रेन के नीचे जा पहुंचा। जब तक लोग शोर मचाकर ट्रेन रुकवा पाते तब तक दाहिना पैर कटकर अलग होने से वह तड़पने लगा। ट्रेन जाने के बाद दूसरी ट्रेन पकड़ने आए यात्रियों और स्टेशन कर्मियों ने उसे प्लेटफार्म पर लिटाकर परिवार वालों को खबर दी। परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गए। इस दौरान वहां रेलवे पुलिस नहीं पहुंची। पैर कटने के बाद भी रेलवे पुलिस का कोई अहम रोल अदा न होने से यात्रियों में नाराजगी बनी रही। चर्चा रही कि रेलवे पुलिस सिर्फ मौत होने के बाद ही पहुंचती है। छोटी घटनाओं से उसका कोई लेना-देना नहीं होता। इसी तरह सोमवार को भी ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर डाउन पवन एक्सप्रेस से सफाई कर्मी के पैर का पंजा कटने पर भी उसे न तो त्वरित उपचार मिल सका और न ही पुलिस का सहयोग। चलती ट्रेन में ही घायल सफाई कर्मी को लादकर वाराणसी ले जाया गया।