महराजगंज। औराई के कटका पड़ाव के पास टैंकर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मदनी गांव निवासी सोनू शर्मा (24) बहन राधा शर्मा (29) के साथ मिर्जापुर जा रहे थे। दुर्घटना में राधा घायल हो गई। उपचार के लिए सीएचसी औराई में भर्ती कराया गया। टक्कर मारने के बाद चालक टैंकर लेकर भाग गया। वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मदनी गांव निवासी सोनू शर्मा रविवार की दोपहर में बाइक से बहन राधा के साथ भाभी आरती शर्मा के मायके मिर्जापुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कटका पड़ाव के पास दक्षिणी लेन पर स्थित एक पेट्रोल पंप से बाइक में तेल भरवाने के बाद वह जैसे ही कटका ओवरब्रिज पर चढ़े। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठी राधा उछलकर दूर जा गिरी। वहीं, सोनू की टैंकर की चपेट में आने से घटनास्थल पर मौत हो गई। औराई पुलिस ने घायल राधा को अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।