घोसिया। वार्ड नंबर एक इमलहा में छह महीने से दूषित पानी का दंश झेल रहे 400 परिवारों को जल्द ही निजात मिलेगा। पेयजल पाइप टूटने की वजह से छह महीने से 400 घरों में दूषित पानी सप्लाई हो रही थी। नगर पंचायत ने इसका संज्ञान लिया है। शनिवार से ही पेयजल पाइप लाइन को दुरूस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घोसिया नगर की आबादी करीब 25 से 30 हजार है। नगर के वार्ड नंबर एक में करीब छह महीने से पेयजल की समस्या बनी हुई थी। छह महीने पहले पेयजल सप्लाई की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप के ऊपर से नाली का गंदा पानी बहने से पूरे नगर में जिससे दूषित पानी पाइप के माध्यम से लोगों को घरों तक जाता रहा। खासकर 400 परिवारों तक इसी पानी की सप्लाई होती रही। इस बीच लोगों ने कम से कम चार से पांच बार नगर पंचायत में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया। जिसके बाद नगर पंचायत की नींद खुली। नगर पंचायत ने शनिवार को पाइप लाइन को दुरूस्त किए जाने के लिए काम शुरू कर दिया। नगर पंचायत के आधा दर्जन कर्मी पाइप को दुरूस्त करने में जुटे रहे। अधिशासी अधिकारी डॉ. अनुपम सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद पेयजल पाइप को दुरूस्त कराए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही लोगों के घरों तक शुद्ध पानी की सप्लाई होगी।