पांडा गौतम जिसकी तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्रोत-परिजन
भदोही। कोतवाली के हिम्मतपुर बकुचियां वार्ड निवासी एक युवक की मंगलवार की दोपहर तालाब में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पांडा गौतम (20) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तालाब के गहरा होने का उसे अंदाजा नहीं था। और वह कूद-कूद कर नहा रहा था। इसी बीच उसका शरीर दलदल में जाकर फंस जाने से निकल नहीं सका। बताया जा रहा है कि युवक पांडा गौतम अपने घर के दो किमी दूर गंगापुर गोसाई बांध तालाब में नहाने गया था। जब उसका पैर दलदल में फंस गया तो उसने काफी आवाज लगाई, लेकिन वहां उसकी मदद करने वाला कोई नहीं था। काफी देर के बाद जब किसी राहगीर को उसके दलदल मे फंसे होने की आहट लगी, तो उसने वहां आवाज देकर लोगों को जुटाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मृतक के पिता कैलाश गौतम अपने छोटे बेटे का साथ मौके पर पहुंचे। युवक को जब तक तालाब से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोग उसे निजी अस्पताल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। लोगों ने बताया कि मृतक घर का बड़ा बेटा था। पिता दूसरे शहर में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालते थे। चार बहनें थी। जिसमें से दो बहनों की शादी अभी होना बाकी था। घटनास्थल से लेकर पीड़ित के घर पर काफी भीड़ लगी हुई थी।