दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी प्रदुम्य कुमार गौतम (27) की बुधवार की देर शाम करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार दुर्गागंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी राममूरत गौतम का 27 वर्षीय पुत्र प्रदुम्य कुमार गौतम बुधवार की शाम ज्ञानपुर के जाठी नेवादा निवासी अपने साढू के घर अपने जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए आए हुए थे। देर शाम वे आयोजन को लेकर लाइटिंग का काम कर रहे थे कि इस बीच करंट की चपेट में आ गए। जिसमें गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक के मौत की सूचना लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक प्रदुम्य कुमार के दो मासूम बेटे हैं।