भदोही के एक युवक की मिर्जापुर में रेलवे ओवरब्रिज से गिरकर मौत हो गई। वह मिर्जापुर के जिगना में किसी काम से गया था। वहां से लौटते समय हादसा हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
मिर्जापुर के गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज से गिरकर भदोही शहर के सराय गली निवासी एक युवक की मौत हो गई। वह किसी काम से मिर्जापुर गया था। जहां से वापस लौटते समय सुरक्षा के लिए बने दिवार में टकराकर नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
यह है मामला
जानकारी के अनुसार नगर के सराय गली निवासी सराफत अली (28) शनिवार को बाइक से ही मिर्जापुर के जिगना किसी काम के सिलसिले में गया हुआ था। देर शाम वह वहां से लौट रहा था। अभी वह गैपुरा रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचा ही था कि इस बीच उसकी बाइक अनियंत्रित होकर रेलवे ब्रिज पर बने सुरक्षा दीवार से टकरा गई। जिससे वह ब्रिज से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलावस्था में उसे लेकर स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। घटना की जानकारी होते ही परिजन भी पहुंच गए। जहां से घायल युवक को लेकर गोपीगंज पहुंचे और निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की एक साल पहले ही शादी हुई थी। अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।