संसारापुर गांव में टंकी से उतरा युवक लवकुश मौर्य। संवाद
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज । कोतवाली क्षेत्र के संसारापुर गांव में रविवार को एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक का आरोप है कि घर तक बना संपर्क मार्ग बदहाल है। शिकायत के बाद भी इसे दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। युवक टंकी से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। लगभग तीन घंटे तक जद्दोजहद के बाद वह किसी तरह नीचे उतरा।
रविवार सुबह संसारापुर गांव में लवकुश मौर्य (29) पानी की टंकी पर चढ़ गया। कसीदहा गांव निवासी युवक का आरोप है कि उसके घर तक का रास्ता काफी खराब है। कई बार मांग के बाद भी इसकी दशा में सुधार नहीं किया जा रहा है। युवक के पानी टंकी पर चढ़ने की सूचना पर बड़ी संख्या में गांव वालों की भीड़ जुट गयी। लोग उससे नीचे उतरने की अपील करने लगे, लेकिन वह तैयार नहीं हो रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही नायाब तहसीलदार संजय कुमार और इंस्पेक्टर गया प्रसाद शुक्ल के साथ पुलिस टीम पहुंच गई। काफी देर तक उसे समझाया-बुझाया गया, लेकिन वह संपर्क मार्ग बनवाने की जिद पर अड़ा रहा। प्रधान पति कोमलराम ने बताया कि कुछ लोगों ने रास्ते पर कब्जा कर लिया है। इसलिए संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं हो पा रहा है। लगभग तीन घंटे के बाद युवक किसी तरह नीचे उतरा। पुलिस उसे लेकर उसके घर पहुंची और विरोध कर रहे विपक्षियों से बातचीत की। आश्वासन दिया कि संपर्क मार्ग का निर्माण जल्द कराया जाएगा।
संसारापुर गांव में टंकी पर चढ़कर धमकी देता युवक। संवाद- फोटो : BHADOHI