गोपीगंज। नगर में पालिकाकर्मी बनकर अवैध वसूली करने वाले युवक को शनिवार को पालिकाकर्मियों ने ही पकड़ लिया। पालिकाकर्मियों ने उसे मिर्जापुर रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय के पास पकड़ा। जहां फर्जी पालिकाकर्मी चिकित्सक को शासन की ओर से निशुल्क डस्टबिन दिए जाने की बात कहते हुए उनसे परिवहन का खर्च वसूलने का प्रयास कर रहा था।
नगर पालिका गोपीगंज में बीते दिनों एक वीडियो व फोटो काफी तेजी से वायरल हुआ। जिसमें एक युवक नगर पालिकाकर्मी बनकर लोगों को ठगने का काम कर रहा था। फर्जी पालिकाकर्मी बने युवक को लेकर पालिका प्रशासन सतर्क हो गया और उसकी खोजबीन में जुटा हुआ था। शनिवार को वह युवक मिर्जापुर रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में पहुंचा और वहां पर चिकित्सक के पास जाकर शासन की ओर से निशुल्क डस्टबिन वितरण की जानकारी देते हुए बताया कि इसके परिवहन का खर्च उन्हें पहले वहन करना होगा। कुछ दिनों बाद आपके यहां डस्टबिन आ जाएगा।
फर्राटेदार अंग्रेजी बोल रहे युवक की बातों पर शक होने पर चिकित्सक ने इसकी जानकारी नगर पालिका को दे दी। जिसके बाद तत्काल दो पालिकाकर्मी आशीष यादव व विष्णु पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डस्टबिन के नाम पर वसूली कर रहे युवक को दबोच लिया। युवक ने अपना नाम प्रकाश बताया, जो डीघ का रहने वाला है। पालिकाकर्मियों के अनुसार उसके पास से एक मार्ट व एक निजी चिकित्सालय का एप्लीकेशन बरामद हुआ। पालिका प्रशासन की ओर से इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।