ज्ञानपुर/गोपीगंज। नवरात्रि के दूसरे दिन देवी मंदिरों में मां के ब्रम्हचारिणी स्वरूप का दर्शन-पूजन किया गया। सुबह होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई। जयकारे के साथ माता रानी के दरबार में मत्था टेका। खासकर युवतियों और महिलाओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाकर परिवार के सुख-शांति, समृद्धि और ऐश्वर्य की कामना की। नवरात्रि के दूसरे दिन जिले के सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ देखी गई। इसके साथ ही नौ दिनों का व्रत रहकर मां की अराधना करने वाली महिलाओं ने घरों में मां का विधिवत पूजन-अर्चन् किया। जिले के ज्ञानपुर के घोपैला माता मंदिर, दुर्गागंज तिराहे पर स्थित दुर्गा मंदिर, हरिहरनाथ स्थित मां शीतला, मां काली मंदिर के साथ ही जोरई, ककराही, भुड़की, औराई, सुरियावां, सीतामढ़ी और गोपीगंज के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर सदर महाल, चौरा माता, बंबा देवी, काली माता, शक्ति माता के साथ डेरवा में गंगा तट पर विराजमान मां शीतला, तिलंगा के शक्ति माता मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। माता के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने खुब जयकारे लगाए और मां से सुख, शांति और ऐश्वर्य का वरदान मांगा। भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं मंदिर प्रबंधन के लोग भी व्यवस्था में जुटे रहे।