गोपीगंज के पश्चिम मोहाल में अधूरा पेयजल पाइपलाइन और क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग। संवाद
गोपीगंज। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर नौ पश्चिम मोहाल में पेयजल पाइपलाइन का काम दो महीने से अधूरा है। पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई इंटरलॉकिंग सड़क की मरम्मत भी नहीं हो सकी है। मामले में पूर्व सभासद संतोष मोदनवाल ने बृहस्पतिवार को ईओ को पत्रक सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की है।
बताया कि केंद्र सरकार की हर घर जल योजना के तहत यह पाइपलाइन बिछाई गई थी। नगर पालिका की देखरेख में करीब दो महीने पहले काम शुरू हुआ था। लेकिन देवी प्रसाद अग्रहरी बबलू और सुषमा मिश्रा के मकान के सामने पाइपलाइन का जोड़ अब तक पूरा नहीं किया गया है। क्षतिग्रस्त सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। रात के समय पैदल और साइकिल से आने-जाने वालों को काफी दिक्कतें आती हैं। मांग किया कि पेयजल पाइपलाइन का अधूरा जोड़ तत्काल पूरा कराया जाए और क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग सड़क की मरम्मत कराएं। ईओ बीना सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। उसे जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।