ज्ञानपुर। दुर्गागंज थाना प्रभारी की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। अब हरिकरनपुर गांव की महिलाएं मुखर हो गई हैं। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दफ्तर के सामने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। अश्लील हरकत और छेड़खानी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों के इशारे पर उन पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरिकरपुर गांव की फोटो देवी, विटोला सहित अन्य महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें आरोप लगाया कि पांच दिसंबर को पट्टे की जमीन पर काबिज होने को लेकर गांव के कुछ लोग घर में घुसकर महिलाओं से छेड़खानी करने लगे। सूचना पर जब तक 112 नंबर पुलिस पहुंची आरोपी भाग गए। मामले में थाने में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसके विपरित आरोपियों की तहरीर पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। फर्जी मुकदमा निरस्त करने की मांग की गई। मालूम हो कि महीने भर पूर्व दुर्गागंज थाना क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक स्थानों पर गांजा बिक्री का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन अब तक न तो संबंधित बीट प्रभारी और न ही थाना प्रभारी पर कोई कार्रवाई की गई। प्रभारी थानाध्यक्ष अक्षय लाल भारतीय ने कहा कि मामला मारपीट का था, जिसमें कार्रवाई की गई है।