ज्ञानपुर। भदोही तहसील के महमदपुर-फुलवरिया निवासी एक अनुसूचित परिवार अपनी भूमिधरी को बेचने के लिए छह माह से तहसील और मुख्यालय का चक्कर काट रहा है। शुक्रवार को उक्त परिवार अपने बीमार पुत्र को एंबुलेंस में लादकर कलेक्ट्रेट पहुंच गया। उसका कहना था कि शायद बीमार पुत्र को देखकर उसे भूमि बेचने की अनुमति मिल जाए।
महमदपुर-फुलवरिया निवासी इनरा देवी सरोज ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र पहले ही बीमारी से अपनी जान गंवा चुका है। इन दिनों छोटा पुत्र भी गंभीर बीमारी से ग्रसित है। छोटे पुत्र के इलाज और खर्च चलाने के लिए इनरा देवी अपनी भूमिधरी में से कुछ अंश बेचना चाहती है, लेकिन छह माह से उसे भूमि बेचने का परमिशन नहीं मिल रहा है। गत सप्ताह भी उसने कलेक्ट्रेट में प्रार्थनापत्र दिया था। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि उक्त महिला अपने बच्चे को लेकर सीएमओ कार्यालय जाए। जहां जांच-पड़ताल के बाद सीएमओ की रिपोर्ट पर ही वह आगे की प्रक्रिया कर सकेगी।