जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए। पहली घटना खमरिया चौराहे के पास बुधवार की देर शाम ट्रक और बाइक में टक्कर हो गई। घटना में सेसा वर्मा (27) निवासी नटवां-औराई की मौत हो गई। जबकि पति सुंदर स्वरूप घायल हो गए। वहीं दूसरी ओर राजमार्ग अमवां में अनियंत्रित बाइक के डिवाइडर में भिड़ जाने से शकीला (38), सद्दाम हुसैन (17) गंभीर रुप से घायल हो गए। इसके अलावा दो साइकिल सवार भी ट्रक के धक्के से घायल हो गए।
घटना में दोनो घायलों को इलाज के लिए सीएचसी गोपीगंज में भर्ती कराया गया। देर शाम खमरिया चौराहे पर हुई घटना में मृतक महिला के पति सुंदर स्वरुप ने बताया कि वह नटवां से अपनी पत्नी सेसा वर्मा को खमरिया में दवा दिलाने माधोसिंह-टेढ़वा मार्ग से जा रहा था। खमरिया चौराहा पहुंचते ही उसके विपरित दिशा से आ रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक समेत गिर कर घायल हो गए। चोट अधिक लगने के कारण पत्नी सेसा वर्मा की मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने बताया कि इसके पूर्व ट्रक ने खमरिया नगर के वार्ड नंबर नौ पीपरतर कैथान निवासी साइकिल सवार विनोद सेठ (18), सुशील सेठ (12) को टक्कर मार भाग रहा था। घायल अवस्था में ग्रामीणों ने दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस संबंध में उपनिरीक्षक मनोज राय ने बताया कि तहरीर पर चालक सुरेंद्र सिंह, खलासी मुकेश सिंह निवासी सूरजपुर-छत्तीसगढ़ को मय ट्रक गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसी तरह राजमार्ग अमवां में घायल सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह मां शकीला को बाइक पर बैठाकर गिराई स्थित दरगाह पर जियारत करने गया था लौटते समय अनियंत्रित बाइक के डिवाइडर में भिड़ जाने से दोनों घायल हो गए।