भदोही। कोतवाली के रेवडापरसपुर पाल बस्ती में शुक्रवार को देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की आग से जल कर मौत हो गई। घटना के समय घर के लोग बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर धुएं से भरा था। कमरा अंदर से बंद था। सूचना पर दमकल और पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। महिला का 18 वर्ष पूर्व तलाक हो गया था और मायके में ही रहती थी।
भदोही निवासी मृतका रश्मि जायसवाल (45) का विवाह ज्ञानपुर में हुआ था। 18 वर्ष पूर्व पति से तलाक हो जाने के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ मायके मे ही रहती थी। मृतका के भाई शुभम ने बताया कि अवसादग्रस्त रहती थी। उसका इलाज भी कराया जा रहा था, लेकिन ऐसा कदम उठा लेगी हम लोग नहीं जानते थे। बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने छत से कूद कर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। यही कारण है कि हम लोग जब बाहर जाते थे तो दरवाजा बाहर से बंद कर देते थे। इस बीच कल जब हम लोग घर पर नहीं थे तो उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया। कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।