वहिदानगर। जिस घर में शहनाई बजनी थी। वहां मातम है। कोईरौना थाना क्षेत्र के जंगीगंज-धनतुलसी रोड पर 45 वर्षीय एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने मायके बेटी की शादी का कार्ड पहुंचाने जा रही थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के मझगवां निवासी शीतला प्रसाद यादव की बेटी की शादी आठ मई को होने वाली थी। वे अपनी पत्नी शकुंतला देवी (45) को लेकर बाइक से अपने ससुराल गुलरिहान, कटरा बाजार शादी का कार्ड देने जा रहे थे। इस बीच कोईरौना थाने से 500 मीटर आगे जंगीगंज-धनतुलसी रोड पर एक ट्रक चालक ने उनकी बाइक को पीछे से धक्का मार दिया। धक्के से शीतला प्रसाद जहां दूर छिटक गए। वहीं उनकी पत्नी ट्रक की चपेट में आ गई। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक शकुंतला देवी को दो लड़के व पांच लड़कियां है। मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।