गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के अमिलौर गांव में मुखबिर की सूचना पर कोतवाल कृष्णानंद राय ने दलबल के साथ औचक छापेमारी कर 20 पेटी देशी शराब के साथ 11 लाख 94 हजार रुपये नकद बरामद किया। साथ ही एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान कार्रवाई के भय से महिला का पति पंकज शुक्ला भाग गया, जिसकी तलाश में पुलिस सरगर्मी से जुटी रही।
गैर प्रदेशों में निर्मित अंग्रेजी और शराब के साथ-साथ अन्य मादक पदार्थों के कारोबार के लिए हब बनते जा रहे जिले में अपराध का नेटवर्क बड़ा है। जिले के पूर्वी क्षेत्र औराई, पश्चिमी क्षेत्र ऊंज, उत्तरी क्षेत्र सुरियावां, दुर्गागंज, चौरी और दक्षिणी क्षेत्र सीतामढ़ी-कोइरौना के सीमावर्ती इलाके में मादक पदार्थों का कारोबार दबे पांव फल-फूल रहा है। कुछ दिनों पहले थानाध्यक्ष ऊंज ने भी पूरेनगरी गांव से लगभग सात सौ शीशी मध्यप्रदेश निर्मित शराब के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब गोपीगंज क्षेत्र के अमिलौर गांव में घर से शराब की बरामदगी से गोरखधंधे की जड़ें गहरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है।