अभोली ब्लाक के आदर्श प्राथमिक विद्यालय प्रयागपुर परिसर से होकर गुजरा हाईटेंशन विद्युत तार।संव?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/औराई। बिजली और शिक्षा विभाग की उदासीनता किसी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है। जिले के 91 परिषदीय स्कूलों के ऊपर से गुजरे जर्जर एवं लटकते तार को अब तक नहीं हटाया जा सका। इससे स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से लेकर शिक्षक भयभीत रहते हैं। तेज हवा और बारिश के समय स्पार्किंग होने से समस्या और भी जटिल हो जाती है। जिले में 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित है। इसमें करीब दो लाख बच्चे पंजीकृत हैं। आपरेशन कायाकल्प संग अन्य मदों से स्कूलों की तस्वीर बदली जा रही है, लेकिन अब भी कई खामियां ऐसी हैं जो अभिभावक से लेकर शिक्षकों की चिंता बढ़ाती है। स्कूलों में विद्युतीकरण के बजट को भुनाने की होड़ में अफसरों को नौनिहालों की सुरक्षा का ख्याल भी नहीं आया। जुगाड़ के सहारे स्कूलों को कनेक्शन दे दिया गया। इससे नौनिहालों को स्कूल खुलने के दौरान खतरा बना रहता है। विद्यालय भवनों के ऊपर झूल रहे बिजली के तार हटवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है। एक, दो नहीं बल्कि जिले के 91 विद्यालय ऐसे हैं जिनके परिसर या छत के ऊपर से 11 हजार और 400 वाट बिजली का तार गुजरा है। एक से दो दशक पुुराने तार जर्जर हो चुके हैं। तेज हवा और बारिश में तार से उठने वाली चिंगारी बच्चों और शिक्षकों की धड़कनें बढ़ा देती हैं। केस- एक- भदोही-मिर्जापुर सीमा पर स्थित प्राथमिक विद्यालय कठारी के ऊपर से 11 हजार और 440 वोल्ट का तार गुजरा है। स्कूल के बीचोबीच एक रास्ता भी है, जहां हर समय बाइक और छोटे वाहनों का आवागमन होता रहता है। प्रधान नसरीन ने बताया कि स्कूल पहले से बना था बाद में बिजली का तार खींचा गया। जिले के 91 स्कूलों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरे हैं। बिजली विभाग से तार हटवाने के लिए खर्च का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर तार हटवाया जाएगा- भूपेंद्र नारायण सिंह, बीएसए
सुरियावां के बदलीपुर प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से गुजरा बिजली का तार। संवाद- फोटो : BHADOHI