ज्ञानपुर। जिले में करोड़ों की लागत से बने दो रोडवेज बस स्टेशन सिर्फ दिखावा साबित हो रहे हैं। औराई को छोड़ दिया जाए तो भदोही और ज्ञानपुर रोडवेज बस स्टेशन पर अगर यात्रा के लिए आएंगे तो बस नहीं मिलेगी। ऑटो के सहारे ही आप छोटे बाजारों का सफर कर सकते हैं। महानगरों को जाने के लिए गोपीगंज जाना पड़ेगा। भदोही में पांच और ज्ञानपुर में सिर्फ एक बस ही चलाई जाती है। ज्ञानपुर के दुर्गागंज रोड तिराहे के पास रोडवेज बस स्टैंड का लोकार्पण 25 अगस्त 2008 को तत्कालीन मंत्री रामअचल राजभर ने किया था। लोकार्पण के समय करीब 18 बसें उपलब्ध कराकर वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, प्रतापगढ़, जौनपुर, सीतामढ़ी, भदरांव, धनतुलसी, सुरियावां, भदोही वाया दुर्गागंज का रूट तय किया गया था। इसके कुछ ही दिन बाद एक-एक कर सभी बसें यहां से कहां चली गईं, पता नहीं चल सका। बसें न चलने से छात्र-छात्राएं, तहसील और जिला मुख्यालय आने-जाने वाले किसान, फरियादियों को परेशानी होती है। अब इसके जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़ 69 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। रोडवेज में सुविधाएं तो बढ़ाई जा रही हैं लेकिन बसों का संचालन न होने से यात्रियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। यही हाल भदोही के जमुनीपुर कॉलोनी में बने रोडवेज स्टेशन का है। यहां 24 घंटे में प्रयागराज, कानपुर और लखनऊ के लिए चार बसें चलती हैं। ये बसें वाराणसी से होकर आती हैं। सिर्फ औराई में ही प्रयागराज समेत अन्य महानगरों को जाने के लिए बसें मिलती हैं। ज्ञानपुर रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों के बैठने की सुविधा से लेकर अन्य आधुनिक व्यवस्थाओं का विस्तार करने के लिए काम शुरू हो गया है लेकिन बसें न चलने से यात्रियों की मंशा पूरी नहीं होगी।