सेमराध गंगा उत्सव कार्यक्रम में हर हर महादेव का जयकारा लगाते श्रद्धालु। स्रोत सूचना विभाग
जंगीगंज। वन विभाग, नमामि गंगे और जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सेमराध नाथ धाम गंगा घाट पर भव्य गंगा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ डीएम शैलेष कुमार ने सपत्नीक एवं सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला ने मां गंगा की आरती के साथ किया। गंगा आरती, भजन संध्या और दीप प्रज्वलन कर मां गंगा के प्रति सेवा, स्वच्छता और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल पर वातावरण भक्तिमय बना रहा, जहां ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष से पूरा घाट गूंज उठा। डीएम ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने की अपील की। कहा कि गंगा हमारी धरोहर है, इसका संरक्षण हम सभी का कर्तव्य है। प्रभागीय वनाधिकारी विवेक यादव ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय जीवन रेखा है। ऐसे आयोजनों के जरिये जनमानस में गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। भजन संध्या में कलाकार वशिष्ठ मिश्रा एवं उनकी टीम ने गंगा महिमा पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी। इन गीतों के माध्यम से कलाकारों ने मां गंगा की स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरणीय संतुलन के महत्व पर लोगों को प्रेरित किया। इस मौके पर बीडीओ डीघ दिवाकर समेत कई लोग मौजूद रहे।