ज्ञानपुर। जिले में गेहूं खरीद का नया लक्ष्य तय हो गया है। अब 37 हजार की बजाए 49 हजार 500 टन गेहूं की खरीद की जाएगी। एक मार्च से खरीद की शुरुआत हुई थी लेकिन महीने भर में बोहनी तक नहीं हुई। सोमवार से क्रय केंद्रों पर चहल-पहल बढ़ने के आसार हैं। हालांकि इस समय बाजार में ज्यादा कीमतें मिल रही हैं। यदि 150 क्विंटल गेहूं गांव में एकत्रित होगा उसकी उठान वहीं से कर ली जाएगी।
विपणन विभाग, उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (पीसीएफ) सहित अन्य संस्थाओं के मिलाकर कुल 49 क्रय केंद्र खोले गए हैं। जिस पर कुल 37 हजार टन गेहूं खरीद का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन शनिवार को शासन स्तर से बढ़ाए गए लक्ष्य में जिले का लक्ष्य करीब 13 हजार एमटी अधिक हो गया। अब 49 हजार 500 एमटी की खरीद होनी है। गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये क्विंटल तय किया गया है। अगैती गेहूं की कटाई शुरू हो गई है, लेकिन मड़ाई का कार्य शुरू नहीं हो सका है। बावजूद इसके विभाग की ओर से केंद्रों पर खरीद की सारी तैयारी पूरी की जा रही है। जिससे किसानों की आमद शुरू होने के समय कोई दिक्कत न उठानी पड़े। जिला विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि गेहूं खरीद के लिए किसानों का पंजीयन शुरू है। शासन ने लक्ष्य बढ़ाकर 49 हजार 500 एमटी कर दिया है। अब तक 3200 किसानों की ओर से बिक्री के लिए पंजीयन कराया जा चुका है। बताया कि किसानों को एक सुविधा यह दी गई है कि यदि कई किसान मिलकर 150 क्विंटल गेहूं एक जगह इकट्ठा कर ले रहे हैं तो क्रय केंद्र से वाहन सीधे वहीं पहुंचकर गेहूं का उठान कर लेगा। इससे किसानों को सहूलियत मिल जाएगी। बताया कि केंद्रों पर खरीद की सारी तैयारी पूरी है। क्रय केंद्र प्रभारियों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि गर्मी पड़ने से गेहूं की फसल अब पक चुकी है। एक सप्ताह के अंदर केंद्रों पर किसान पहुंचने शुरू हो जाएंगे।